करौली पुलिस का बड़ा एक्शन, होटल में चल रहे देह व्यापार का किया भंडाफोड़; मालिक समेत 5 गिरफ्तार
राजस्थान में करौली जिले के हिण्डौन सिटी में पुलिस ने कावेरी होटल पर छापा मारकर देह व्यापार का नेटवर्क पकड़ा है. जिसमें पीटा एक्ट के तहत तीन महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया गया है.

करौली: जिले की हिंडौन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल की आड़ में चल रहे देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने छापेमारी कर तीन महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में होटल का संचालक भी शामिल है. फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
हिंडौन के डीएसपी मुनेश मीना ने बताया कि हिण्डौन के रेलवे स्टेशन के पास स्थित कुछ होटलों में देह व्यापार चलने की जानकारी कई दिनों से मिल रही थी. इस पर पुलिस टीम ने विभिन्न होटलों पर छापेमारी की. एक होटल पर हुई कार्रवाई में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल पाए गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
डीएसपी मीना ने बताया कि यह कार्रवाई भरतपुर रेंज के आईजी कैलाशचंद्र विश्नोई और जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में की गई. उन्होंने बताया कि हिंडौन सिटी के रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित कई होटलों में लड़कियों-महिलाओं को बुलाकर अनैतिक कार्य करवाए जा रहे थे. इसकी सूचना आस-पड़ोस के निवासियों और अन्य लोगों से कुछ समय से मिल रही थी, जिसके बाद पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई.
टीम ने विभिन्न होटलों पर छापे मारे, जहां एक होटल’ पर अनैतिक कार्य होता हुआ पाया गया. इस पर पुलिस ने इस धंधे में शामिल तीन महिलाओं व एक पुरुष के साथ-साथ होटल के संचालक एवं मालिक अजय को भी गिरफ्तार कर लिया. डीएसपी ने बताया कि होटल मालिक अजय अन्य महिलाओं के सहयोग से होटल की आड़ में अनैतिक कार्य करवाता था. अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत हिण्डौन नई मंडी थाने में मामला दर्ज करके विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है.


