*कोड़याई गांव की बुजुर्ग महिला कमला देवी हत्याकांड का खुलासा, 47 वर्षीय आरोपी रामलाल जोगी गिरफ्तार*
सवाई माधोपुर जिले के बौंली थाना क्षेत्र के कोड्याई (Kodyai) गांव में बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या और लूट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को 7 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया है।

*
*आर. डी.माँदड़*
बौली | कोड़याई गांव में बकरियां चराने गई बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी रामलाल जोगी को दत्तवास मोड निवाई से गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पैर और गर्दन काटकर जेवरात लूट ले जाने की इस वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया था। घटना के बाद ग्रामीणों ने शव को ट्रॉली में रखकर प्रदर्शन किया था और लंबे समय तक धरना दिया गया था।
पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर अनिल कुमार बेनीवाल ने शनिवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी रामलाल जोगी पुत्र गोपी जोगी (47) निवासी कोड़याई, थाना बौली को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी मृतका के परिवार से परिचित था और दोनों परिवारों में सामाजिक कार्यक्रमों में आना-जाना था।
*बकरियां चराने गई थी महिला, खेत में की गई निर्मम हत्या*
पुलिस के अनुसार, घटना 3 फरवरी 2026 की है। मृतका के पुत्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बुजुर्ग महिला दोपहर में बकरियां चराने खेत गई थी। इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने धारदार हथियार से महिला की गर्दन और दोनों पैर काटकर हत्या कर दी और चांदी के कड़े, कानों के कुंडल और गले की चेन लूटकर फरार हो गया।
*करीब 25 घंटे बाद हुआ पोस्टमार्टम, 8 मांगों पर बनी थी सहमति*
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को उठाने से इनकार कर दिया था। करीब 25 घंटे बाद प्रशासन और परिजनों के बीच 8 सूत्रीय मांगों पर सहमति बनी, जिसके बाद पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान धरना स्थल पर भारी भीड़ जुटी रही और परिजन रोते-बिलखते नजर आए।
*कर्ज और मौके की जानकारी बना हत्या की वजह*
जांच में सामने आया कि आरोपी ने मृतका के बड़े बेटे से 2.5 लाख रुपए का कर्ज ले रखा था। आरोपी को यह भी पूरी जानकारी थी कि मृतका रोजाना उसी इलाके में बकरियां चराने आती थी। घटना के दिन आरोपी को अलग रास्ते से मोटरसाइकिल पर जाते हुए देखा गया था। वारदात के बाद वह घर से फरार हो गया और अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुआ।
*टीमें गठित कर जुटाए सबूत, 25 हजार का इनाम घोषित किया था*
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी बोली, थानाधिकारी बोली सहित कई टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।
*ग्रामीणों ने ली राहत की सांस*
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। हालांकि गांव में अब भी घटना को लेकर गहरा आक्रोश और डर का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले में लूटा गया माल भी बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
*आरोपी ने दस दिन पहले बना ली थी योजना*
हत्या के लिए आरोपी ने दस दिन पहले ही योजना बना ली थी और कुल्हाड़ी खेत में छुपा दी थी। घटना के दिन वह मोटरसाइकिल को करीब एक किलोमीटर दूर खड़ा कर पैदल मौके पर पहुंचा और सुनसान स्थान देखकर वारदात को अंजाम दिया।
*लूट के बाद गांव लौटा, किसी को नहीं हुआ शक*
आरोपी ने महिला की हत्या के बाद दोनों पैर काटे, चांदी के कड़े, कानों के कुंडल और गले का सोने का पेंडल लूट लिया। गर्दन पर वार कर हत्या की और बिना किसी शक के मोटरसाइकिल से गांव लौट आया। यही वजह रही कि शुरुआत में किसी को उस पर संदेह नहीं हुआ।
*चांदी के कड़े व सोने के जेवर बरामद*
गिरफ्तारीशुदा आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतका के चांदी के कड़े, कानों के सोने के कुंडल और गले का सोने का पेंडल बरामद कर लिया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
*इन अधिकारियों और टीमों की रही अहम भूमिका*
हत्या के खुलासे और गिरफ्तारी में निम्न अधिकारियों व टीमों का विशेष योगदान रहा—
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीलकमल मीणा
वृत्ताधिकारी उमेश कुमार गुप्ता
थानाधिकारी बौली जितेंद्र सिंह व टीम
थानाधिकारी मित्रपुरा सुनीला मीणा व टीम
थाना मानटाउन, मलारना डूंगर, खंडार, सूरवाल की टीमें
जिला विशेष टीम (DST), साइबर सेल एवं डीएसटी प्रभारी
एफएसएल टीम सवाई माधोपुर
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की।
*यह थीं ग्रामीणों की आठ सूत्रीय मांगें*
धरना-प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों और परिजनों द्वारा प्रशासन के समक्ष निम्न 8 मांगें रखी गई थीं
(1)हत्याकांड का शीघ्र खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी
(2)मृतक परिवार को 15 लाख रुपए की आर्थिक सहायता (7 व 8 लाख दो किश्तों में)
(3)मामले की निष्पक्ष व प्रभावी जांच
(4)पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए की सहायता राशि का प्रस्ताव सरकार को भेजना
(5)धरना देने वाले ग्रामीणों पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं करने का आश्वासन
(6)मृतका के एक परिजन को संविदा पर नौकरी
(7)विधानसभा क्षेत्र में अवैध शराब की दुकानों पर रोक
(8)जाहिरा क्षेत्र में हुए अन्य हत्याकांडों का भी शीघ्र खुलासा
*पहली मांग पूरी, शेष पर कार्यवाही जारी*
प्रशासन ने आठ सूत्रीय मांगों में से पहली मांग—हत्याकांड का खुलासा व गिरफ्तारी—पूरी कर दी है। अन्य मांगों पर भी नियमानुसार कार्यवाही का आश्वासन दिया गया है।
*महिलाओं से सावधानी की अपील*
जिला पुलिस सवाई माधोपुर ने अपील जारी करते हुए कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं अकेले सुनसान स्थानों पर महंगे आभूषण पहनकर न जाएं और संभव हो तो समूह में निकलें।



